राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले दो होनहार विद्यार्थियों का सम्मान

 


पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता में बाजी मारकर विद्यार्थियों ने बढ़ाया सीतापुर का गौरव

सहायक ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी सीतापुर ✍️

सांडा, सीतापुर। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले दो होनहार विद्यार्थियों को प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया गया। दोनों विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

विकास क्षेत्र सकरन के उच्च प्राथमिक विद्यालय अदवारी के प्रधानाध्यापक कृष्ण कांत की पुत्री अनुकृष्णा सिद्धार्थ ने सीनियर वर्ग की पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विकास क्षेत्र बिसवां के उच्च प्राथमिक विद्यालय कोटरा की सहायक अध्यापिका गीता देवी वर्मा के पुत्र ओजश सिंह पटेल ने प्राथमिक वर्ग की स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।

राष्ट्रीय स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रोग नियंत्रण ब्यूरो में स्पाइनल कॉर्ड डे के अवसर पर आयोजित एससीआई डे सेरेमनी में विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर, स्लोगन समेत कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था।

एलपिस ग्लोबल स्कूल, बिसवां की कक्षा 11 की छात्रा अनुकृष्णा सिद्धार्थ ने सीनियर वर्ग की पोस्टर प्रतियोगिता में तथा इसी विद्यालय के कक्षा चार के छात्र ओजश सिंह पटेल ने प्राथमिक वर्ग की स्लोगन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। दोनों विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार हासिल किया।

इस कार्यक्रम का आयोजन बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट द्वारा स्पाइनल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. चाबड़ा के सहयोग से किया गया था। आयोजन का उद्देश्य स्पाइनल कॉर्ड इंजरी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल भावना को प्रोत्साहित करना था।

शिक्षक संघ ने घर पहुंचकर किया सम्मान

दोनों विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धि पर प्राथमिक शिक्षक संघ सकरन के पदाधिकारियों ने उनके घर पहुंचकर पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों एवं उनके परिजनों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।

संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र पटेल और मंत्री मो. आरिफ ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दोनों विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

इनकी रही मौजूदगी

सम्मान समारोह में संघ के पदाधिकारी कृष्ण कांत, प्रवीण वर्मा, अजल पटेल, राजेश भार्गव, मधुकर वर्मा, सौरभ शुक्ला, चांद मोहम्मद, सारदा प्रसाद, प्रवीण श्रीवास्तव, इतवारी लाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

सभी ने दोनों प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Previous Post Next Post