स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी द्वारा संचालित योग वेलनेस सेंटर, मझला (सीएचसी मीरानपुर कटरा/खुदागंज) के तत्वावधान में पोषण माह के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय कपूर नगला में योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर के दौरान योग प्रशिक्षक चिवनाथ पाल ने छात्र-छात्राओं को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
छात्र-छात्राओं को बताए योग के स्वास्थ्य लाभ
शिविर में विद्यार्थियों को ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन और कुर्सी आसन सहित विभिन्न योगाभ्यास कराए गए। योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को योग के स्वास्थ्य लाभों तथा नियमित अभ्यास के महत्व की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अनुदेशक ललिता गंगवार, अनुदेशक धर्मपाल तथा योग सहायक नमित कुमार का विशेष सहयोग रहा।
शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देना रहा।
