स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
23 सितंबर तक सुझाव एवं आपत्तियां जिला निर्वाचन कार्यालय में देने के निर्देश, 23 सितंबर से शुरू होगी ईवीएम मॉकपोल प्रक्रिया
शाहजहांपुर, 22 सितंबर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के निर्धारण और ईवीएम की एफएलसी के बाद होने वाली मॉकपोल प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
10 की जगह अब 14 मतदेय स्थल
बैठक में बताया गया कि प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद जनपद में पूर्व निर्धारित 10 मतदेय स्थलों के स्थान पर अब कुल 14 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। 21 सितंबर 2026 तक जनपद में कुल 4,794 मतदाता पंजीकृत हैं।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से कहा कि निर्धारित मतदेय स्थलों को लेकर यदि कोई सुझाव अथवा आपत्ति अभी भी शेष है तो उसे 23 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करा दें। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव 24 सितंबर 2026 को आयुक्त, बरेली मंडल को भेजा जाएगा।
23 सितंबर से शुरू होगी ईवीएम मॉकपोल प्रक्रिया
बैठक में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों तथा ईवीएम की एफएलसी के बाद होने वाली मॉकपोल प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी के अनुसार ईवीएम की एफएलसी का कार्य 22 सितंबर 2026 को पूरा हो जाएगा। इसके बाद आयोग की गाइडलाइन के अनुसार एफएलसी-ओके कंट्रोल यूनिट की पांच प्रतिशत मशीनों पर मॉकपोल कराया जाएगा।
जनपद में कुल 3,644 कंट्रोल यूनिट को एफएलसी-ओके के रूप में चिह्नित किया जा रहा है। इनमें से पांच प्रतिशत यानी 182 मशीनों पर मॉकपोल कराया जाएगा।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि कर सकेंगे अवलोकन
मॉकपोल के लिए मशीनों का चयन राजनीतिक दलों द्वारा रैंडम आधार पर किया जा सकता है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि स्वयं उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन भी कर सकेंगे।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार:
- 36 मशीनों (एक प्रतिशत) में 1,200 वोट का मॉकपोल होगा।
- 73 मशीनों (दो प्रतिशत) में 1,000 वोट का मॉकपोल कराया जाएगा।
- 73 मशीनों (दो प्रतिशत) में 500 वोट का मॉकपोल कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त एक प्रतिशत के अंतर्गत चयनित 36 मशीनों में 04 बीयू, 01 सीयू और 01 वीवीपैट को जोड़कर 64 वोट का लोड टेस्ट किया जाएगा। इसके बाद वीवीपैट स्लिप की गणना का सीयू काउंट से मिलान किया जाएगा।
सुबह 9 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम मॉकपोल प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे से डीएम कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस में शुरू होगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित होकर प्रक्रिया का अवलोकन करने का अनुरोध किया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
