शाहजहांपुर में यातायात पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, वाहन चालकों को किया जागरूक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

रोजा क्षेत्र में वाहनों और अभिलेखों की जांच, सिंधौली टोल प्लाजा पर बिना हेलमेट चालकों को दी सड़क सुरक्षा की जानकारी

शाहजहांपुर, 01 सितंबर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस द्वारा चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी यातायात द्वारा थाना रोजा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों एवं वाहनों का सत्यापन किया गया। इस दौरान चालकों से आवश्यक पूछताछ करने के साथ वाहनों से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए जागरूक किया गया।

वहीं थाना सिंधौली क्षेत्र के टोल प्लाजा महानन्दपुर पर यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को रोककर हेलमेट के महत्व और सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिजनों एवं अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, आमजन की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Previous Post Next Post