स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 22 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में पुलिस लाइन में साप्ताहिक मंगलवार परेड का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने परेड की सलामी ली और पुलिसकर्मियों के टर्नआउट एवं अनुशासन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के निर्देश दिए गए।
महिला आरक्षियों के प्रशिक्षण का लिया जायजा
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिला आरक्षियों के प्रशिक्षण की जानकारी ली और प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण को गंभीरता एवं पूरी लगन से प्राप्त करने के निर्देश दिए।
कार्यालयों के अभिलेखों और साफ-सफाई की जांच
इसके बाद पुलिस लाइन के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच की गई। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों का उचित एवं अद्यावधिक रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा शासकीय कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को टीम भावना, आपसी समन्वय, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जनसुरक्षा एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
