स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 22 सितंबर 2026। जीआईसी तिराहा पर यातायात पुलिस ने नशे की हालत में सवारियों से भरा ई-रिक्शा चलाने के आरोप में कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा को सीज कर दिया। पुलिस के अनुसार चालक सवारियों से अभद्रता भी कर रहा था।
यातायात ड्यूटी पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल मोनी देवी ने चालक की स्थिति देखकर तत्काल प्रभारी यातायात को सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी यातायात ने चालक का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण कराया।
जांच में चालक के शरीर में 550 mg/100 ml से अधिक अल्कोहल पाए जाने की जानकारी पुलिस ने दी। इसके बाद नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले में ई-रिक्शा को सीज कर पुलिस लाइन में खड़ा करा दिया गया।
यातायात पुलिस ने की अपील
प्रभारी यातायात ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के वाहनों में यात्रा न करें और ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।
