गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल का एएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। भगवान श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने 21 सितंबर 2026 को राप्ती नदी तट स्थित मुख्य विसर्जन घाट एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन घाट और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिस कर्मियों एवं सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल सुरक्षा को लेकर गोताखोरों, नावों और आवश्यक बचाव संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली गई।


भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए घाट एवं प्रमुख मार्गों पर बैरिकेटिंग तथा आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, लाउडस्पीकर और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजकों एवं आमजन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने पर जोर दिया।

अधिकारी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर संतोष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Previous Post Next Post