ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। सनातन धर्म सभा बलरामपुर की महत्वपूर्ण तैयारी बैठक चौक बाजार स्थित राधेश्याम एंड संस के प्रतिष्ठान पर आयोजित हुई। बैठक में लगातार 77वीं बार आयोजित होने जा रही विजयादशमी शोभायात्रा एवं रावण पुतला दहन कार्यक्रम को इस वर्ष और अधिक भव्य, आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय केवल कृष्ण शर्मा के निधन से रिक्त हुए अध्यक्ष पद पर सभा के पूर्व महामंत्री संजय शर्मा को अध्यक्ष चुना गया। वहीं वरिष्ठ महामंत्री पद की जिम्मेदारी जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल बलरामपुर रमेश पाहवा को तथा सनातन धर्म सभा के महामंत्री पद पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार शुक्ल को चयनित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सनातन धर्म सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता गोमती प्रसाद त्रिपाठी ने विजयादशमी शोभायात्रा के मार्ग को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा मार्ग पर ऊपरगामी रेलवे सेतु के निर्माण के कारण इस वर्ष मार्ग में आवश्यक परिवर्तन किया जाना होगा, ताकि 77वीं विजयादशमी शोभायात्रा बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में रावण के पुतले की ऊंचाई बढ़ाकर 60 फीट किए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही शोभायात्रा की भव्यता, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
सभा के मुख्य संरक्षक महाराजा जयेन्द्र प्रताप सिंह, संरक्षक डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद तथा संरक्षक अधिवक्ता राजकुमार लाल श्रीवास्तव द्वारा दिए गए सुझावों को भी बैठक में रखा गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि 77 वर्षों से चली आ रही विजयादशमी की यह परंपरा बलरामपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस गौरवशाली परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष रघुनाथ अग्रवाल, अजय मिश्रा, मंगल प्रसाद (मंगल बाबू), कोषाध्यक्ष सुनील कसेरा, संगठन मंत्री राकेश शर्मा, संयुक्त मंत्री संतोष गुप्ता, लेखाकार सत्य प्रकाश शुक्ल, कृष्ण गोपाल गुप्ता एवं राम प्यारे कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
सभा पदाधिकारियों ने 77वीं विजयादशमी शोभायात्रा को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। बैठक के अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष संजय शर्मा समेत सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मौन रखकर सनातन धर्म सभा के दिवंगत अध्यक्ष बाबू केवल कृष्ण शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
