डिलीवरी के दौरान महिला की मौत के मामले में वांछित चिकित्सक गिरफ्तार

 

निगोही पुलिस ने कैमुआ पुल के पास से डॉक्टर को दबोचा, मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 3 सितंबर 2026। निगोही थाना पुलिस ने डिलीवरी के दौरान महिला की मृत्यु के मामले में वांछित चल रहे चिकित्सक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी डॉ. रजनीश कुशवाह है। उसके विरुद्ध थाना निगोही में दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, 24 फरवरी 2026 को ग्राम पिपरिया बसखेड़ा निवासी सुधीर पुत्र दिलासाराम ने थाना निगोही में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उसकी पत्नी सोनी देवी की डिलीवरी के दौरान गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण मृत्यु हो गई। मामले में ग्लोबल अस्पताल, कस्बा निगोही के डॉ. रजनीश कुशवाह, आशा सुशीला देवी तथा एक अन्य अज्ञात कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस मामले में थाना निगोही पर मु0अ0सं0 0091/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट की बढ़ोतरी की गई।

कैमुआ पुल के पास से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को वांछित आरोपी डॉ. रजनीश कुशवाह की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कैमुआ पुल के पास से दोपहर 1:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए उसके विरुद्ध दर्ज धाराओं की जानकारी दी। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मामले में शेष दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक दिलशाद खां तथा कांस्टेबल शुभम छोकर थाना निगोही शामिल रहे।

Previous Post Next Post