रोजा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोचा आरोपी, चोरी की हीरो स्प्लेंडर बरामद
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 3 सितंबर 2026। रोजा थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान पुत्र दिलशाद, निवासी ग्राम कटिघरा, थाना उचौलिया, जनपद खीरी, उम्र करीब 36 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम हुसैनापुर निवासी गयादीन पुत्र छोटेलाल की तहरीर पर 29 अगस्त 2026 को थाना रोजा में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर के अनुसार 27 अगस्त को उनकी मोटरसाइकिल संख्या UP27Y4437 चोरी कर ली गई थी। मामले में मु0अ0सं0 391/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गुर्री पंचायत सचिवालय से फकरगंज जाने वाले मार्ग पर करीब 300 मीटर आगे पुलिस ने इरफान को दोपहर करीब 12:24 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, काले रंग की आसमानी पट्टी सहित, रजिस्ट्रेशन नंबर UP27Y4437 बरामद की। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र, उप निरीक्षक शिवम अग्रवाल, कांस्टेबल नितिन कुमार तथा कांस्टेबल विपिन नैन शामिल रहे।
