स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 18 सितंबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा उनके प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के बाहर एवं आसपास भ्रमण और चेकिंग की।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों ने छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने और उत्पीड़न जैसी घटनाओं के संबंध में जागरूक किया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असहज स्थिति होने पर बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं युवकों की चेकिंग की गई। छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा सतर्कता बरती गई।
इस दौरान छात्राओं को वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
एंटी रोमियो टीमों ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। छात्राओं से अपील की गई कि वे किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि अथवा महिला संबंधी अपराध को नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस को सूचित करें।
शाहजहाँपुर पुलिस के अनुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर एंटी रोमियो टीमों का भ्रमण, चेकिंग और जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।
