सहायक ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सकरन (सीतापुर)। विकासखंड सकरन क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों में गुरुवार को प्रशासन द्वारा राहत सामग्री का वितरण किया गया। सरयू नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित किरतापुर, उल्लहा, शाहपुर, लहसड़ा, टेडवा डीह और देवतापुर गांवों के सैकड़ों परिवारों को राहत किट प्रदान की गई।
राहत किट में खाद्य सामग्री के रूप में आटा, चावल, चना, अरहर दाल, सरसों का तेल, आलू, चीनी, भुना चना और बिस्कुट शामिल रहे। इसके अलावा दैनिक उपयोग की वस्तुओं में माचिस, मोमबत्ती, नहाने का साबुन, बाल्टी और मग आदि वितरित किए गए। बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री मिलने से काफी सहूलियत मिली।
राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान सेवता विधायक ज्ञान तिवारी, उपजिलाधिकारी बिसवां राहुल सिंह, तहसीलदार बिसवां अनिल कुमार राम, थानाध्यक्ष सकरन प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्यगण एवं ग्राम प्रधान प्रशासक राजेंद्र प्रसाद सहित राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। वहीं, फसल क्षति के आकलन के लिए राजस्व टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए।
