सीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय ढकिया हमीदनगर का किया औचक निरीक्षण, पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर वेतन रोकने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 22 सितंबर 2026। मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड सिंधौली के प्राथमिक विद्यालय ढकिया हमीदनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत 95 छात्रों के सापेक्ष 76 छात्र उपस्थित मिले।

विद्यालय में मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन तैयार किया गया था। मुख्य विकास अधिकारी ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक को समय-समय पर छात्र-अभिभावक बैठक आयोजित कर छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।

लंबे समय से अनुपस्थित मिला कर्मचारी

विद्यालय की उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान सेवक सचिन कुमार उत्पल 16 जून 2022 से लगातार अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि खंड शिक्षा अधिकारी सिंधौली से प्रकरण में स्पष्टीकरण प्राप्त कर संबंधित कर्मचारी की लगातार अनुपस्थिति के संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की जाए।

विद्यालय परिसर में सफाई और शौचालय की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में घास उगी हुई मिली। इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने बताया कि ग्राम पंचायत में नियुक्त सफाई कर्मचारी द्वारा नियमित सफाई नहीं की जा रही है।

मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम में नियुक्त सफाई कर्मचारी के माध्यम से विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए।

वहीं विद्यालय का दिव्यांग शौचालय खराब एवं निष्प्रयोज्य पाया गया। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराकर उसे उपयोग योग्य बनाने के निर्देश दिए गए।

पंचायत सचिवालय बंद मिलने पर कार्रवाई

निरीक्षण के बाद ग्राम से लौटते समय ग्राम पंचायत ढकिया हमीदनगर का पंचायत सचिवालय कार्यालय समय में बंद और ताले में मिला। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि लगातार निर्देश दिए जाने के बावजूद यदि ग्राम पंचायत सचिवालय निर्धारित कार्यालय समय में नहीं खोले जा रहे हैं तो यह गंभीर स्थिति है।

सचिवालय बंद पाए जाने के कारण ग्राम पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक का 22 सितंबर 2026 का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।

Previous Post Next Post