तीन आरोपी हिरासत में, पुलिस मामले की जांच में जुटी
सह ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी सीतापुर ✍️
सीतापुर। थाना रेउसा क्षेत्र के ग्राम बदलीपुरवा, ग्राम पंचायत कालिमापुर में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के बाद एक व्यक्ति पर धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान पल्लू कोटेदार पुत्र होली को चोटें आई थीं। मामले में रेउसा पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
बताया गया कि 4 सितंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे पूर्व कोटेदार सुशील जायसवाल पुत्र शीतल बैंक से रुपये निकालकर वापस अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि गांव के बाहर पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और चाकू तथा बांके जैसे धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
करीब पांच मिनट तक हमले का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया गया कि हमलावरों ने करीब पांच मिनट तक सुशील जायसवाल पर धारदार हथियारों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने का प्रयास करने लगे।
सूचना मिलने पर थाना रेउसा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुशील जायसवाल को तत्काल सीएचसी रेउसा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इन लोगों पर लगाया गया आरोप
परिजनों की ओर से पल्लू उर्फ रामपाल पुत्र होली, वीरेंद्र पुत्र सांबारी, मुनीम पुत्र बनवारी और उमेश पुत्र बैजू आदि पर हमले का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
नोट: हमले और आरोपियों की भूमिका संबंधी विवरण पुलिस जांच/शिकायत के आधार पर हैं; मामले में अंतिम स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।
