आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए विशेष अभियान जारी
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 05 सितंबर। जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहांपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शनिवार को पुलिस टीमों ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 28 शिकायतों का निस्तारण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मौके पर पहुंचकर हो रहा शिकायतों का समाधान
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण करेंगे।
पुलिस के अनुसार, 05 सितंबर 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 28 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
शिकायतकर्ता को बार-बार थाने आने की जरूरत नहीं
अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर अथवा शिकायत से संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रही है।
इसके साथ ही दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था से जनशिकायतों का बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
