स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 18 सितंबर 2026। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं महिला कल्याण विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संभव अभियान के तहत एएनसी, टीएचआर वितरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सैम बच्चों के फॉलोअप समेत सभी निर्धारित बिंदुओं पर लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के उन सभी लाभार्थियों, जिनके स्वयं के आधार कार्ड बन चुके हैं, का केंद्रवार विवरण तैयार कर अपार आईडी बनाए जाने को कहा। साथ ही सभी पंजीकृत लाभार्थियों का मोबाइल सत्यापन शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों से पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा। सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को प्रतिदिन शत-प्रतिशत आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने और पोषण ट्रैकर पर आवश्यक विवरण नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एफआरएस के माध्यम से अनुपूरक पुष्टाहार वितरण की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा सितंबर 2026 में टीएचआर वितरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना फेस ऑथेंटिकेशन के अनुपूरक पुष्टाहार का वितरण नहीं किया जाए।
बैठक में जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने की व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि 1 से 2 वर्ष तक की आयु के बच्चों का नया जन्म प्रमाण पत्र उपजिलाधिकारी की अनुमति से तथा 2 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र न्यायिक मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद बनाया जा सकेगा। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।
जिलाधिकारी ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को नई व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। राजकीय बाल गृह, शिशु गृह, संप्रेक्षण गृह, जिला बाल संरक्षण इकाई, सखी वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं एवं ब्लॉक समन्वयक मौजूद रहे।
