स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 18 सितंबर 2026। बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, जर्जर भवनों, निपुण प्लस ऐप से विद्यार्थियों के आकलन, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रिक्त पदों, आधार अपडेट समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने चिह्नित जर्जर विद्यालय भवनों का शीघ्र ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश दिए। विकासखंड कलान में सबसे अधिक जर्जर विद्यालय भवनों के अभी तक ध्वस्त न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को कांट विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय नगला बनवारी में मध्यान्ह भोजन शेड का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
नेट मॉक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा
जिलाधिकारी ने आगामी नेट मॉक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद स्तरीय पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाने से पहले उनके लिए बैठक आयोजित कर परीक्षा प्रक्रिया एवं दायित्वों की जानकारी दी जाए।
303 विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन हटाने के निर्देश
बैठक में जिले के 303 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को हटाए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर विद्युत लाइनों को शीघ्र हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने को कहा।
निपुण प्लस ऐप की प्रगति पर जताई चिंता
निपुण प्लस ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों के मासिक आकलन की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निगोही एवं तिलहर विकासखंडों की प्रगति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सितंबर माह के अंत तक अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कस्तूरबा विद्यालयों में रिक्त पदों पर जल्द साक्षात्कार
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में रिक्त पदों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन पदों के लिए आवेदन मांगे जा चुके हैं, उनके लिए शीघ्र साक्षात्कार आयोजित कराया जाए। शेष रिक्त पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित कराते हुए साक्षात्कार की तिथि भी जल्द घोषित की जाए।
उन्होंने सभी प्राप्त आवेदनों का विवरण एनआईसी की वेबसाइट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
जन्म प्रमाण पत्र और आधार अपडेट पर जोर
जिलाधिकारी ने लंबित जन्म प्रमाण पत्रों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर कार्यरत सभी आधार मशीनों को क्रियाशील रखने को कहा।
उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों को गोद लेने वाले अधिकारियों की सूची को अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही अगले सप्ताह पीएम श्री विद्यालयों को गोद लेने वाले अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और संबंधित ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित कराने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजी एवं एआरपी उपस्थित रहे।
