स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई के साथ स्वच्छाकार बस्तियों में सफाई और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के निर्देश
शाहजहांपुर, 23 सितंबर 2026। आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा से अधिकारियों एवं नागरिकों को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गांधी जयंती का आयोजन जनपद में पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन ईमानदारी, निष्ठा, सत्य और समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
महापुरुषों की प्रतिमाओं की होगी साफ-सफाई
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गांधी जयंती के दृष्टिगत जनपद में स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंगाई-पुताई का कार्य समय से पूरा कराया जाए। साथ ही राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर अधिकारी एवं नागरिक उत्साहपूर्वक सहभागिता करें और आमजन को भी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
स्वच्छाकार बस्तियों में विशेष सफाई अभियान
जिलाधिकारी ने जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों के स्थान पर ‘स्वच्छाकार बस्तियां’ शब्द का प्रयोग किया जाए। इन बस्तियों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।
