डीएम ने ईवीएम वेयरहाउस में एफएलसी कार्य का किया निरीक्षण

भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ एफएलसी कार्य पूरा कराने के निर्देश

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 3 सितंबर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को डीएम कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयरहाउस में चल रहे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने एफएलसी प्रक्रिया का जायजा लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम पहुंचकर वॉइस रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके बाद एफएलसी हॉल में पहुंचकर बैलेट यूनिट (बीयू), कंट्रोल यूनिट (सीयू) एवं वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग प्रक्रिया को देखा। मौके पर मौजूद इंजीनियरों से उन्होंने एफएलसी कार्य की प्रगति और निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं एसओपी के अनुसार एफएलसी कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफएलसी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का विधिवत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने एफएलसी हॉल में साफ-सफाई, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा तथा प्रवेश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एफएलसी हॉल में केवल अधिकृत प्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों एवं अधिकृत कार्मिकों को ही प्रवेश दिया जाए। सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने एफएलसी कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों में पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Previous Post Next Post