पचपेड़वा-जैतापुर सड़क निर्माण की मांग, पूर्व विधायक को मिला प्रमुख सचिव का आश्वासन

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। गैसड़ी के भाजपा के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान से मुलाकात कर उतरौला-पचपेड़वा-चन्दनपुर मार्ग की जर्जर हालत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

इस पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने कहा कि गैसड़ी की सड़क का मामला शासन के संज्ञान में है। मुख्यमंत्री आकांक्षी जनपद बलरामपुर के विकास को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की 17 करोड़ रुपये की फाइल तथा 78 लाख रुपये के पैच कार्य की प्रगति रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता को जल्द राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र कराई जाएगी।

पूर्व विधायक शैलू ने प्रमुख सचिव को बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए 78 लाख रुपये की मंजूरी हो चुकी है और पैच कार्य शुरू भी हो गया है, लेकिन यह समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। विभाग की ओर से जैतापुर से पचपेड़वा तक करीब 21 किलोमीटर सड़क को 3.75 मीटर चौड़ा करने के लिए 17 करोड़ रुपये की फाइल शासन में लंबित है।

शैलू ने मांग रखी कि यदि फिलहाल पूर्ण चौड़ीकरण संभव नहीं है तो कम से कम 3.75 मीटर चौड़ाई में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का सुदृढ़ीकरण कराया जाए। उन्होंने बताया कि किमी 17.700 से 38.850 तक सड़क पूरी तरह जर्जर है और यह करीब 70 थारू गांवों के साथ नेपाल सीमा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन है।

वहीं, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने भी सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के संबंध में जल्द आवश्यक कार्रवाई और स्वीकृति का आश्वासन दिया।

Previous Post Next Post