बलरामपुर में डीजे पर रोक को लेकर सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने डीएम-एसपी को सौंपा पत्र

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। नगर क्षेत्र में शोभायात्राओं एवं जुलूसों के सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र प्रेषित किया है। यह पत्र आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के नेतृत्व में आयोजित सर्वसमाज की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन के लिए सौंपा गया है।


पत्र में कहा गया है कि नगर क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक अनुयायियों एवं संगठनों से लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों तथा जनहित, सुरक्षा और नगर की शांति-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हिंदू, मुस्लिम, सिख सहित विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेताओं एवं प्रतिष्ठित नागरिकों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संगठनों ने इन निर्णयों के प्रभावी अनुपालन के लिए जिला प्रशासन से शीघ्र विस्तृत प्रशासनिक मार्गदर्शिका जारी करने का अनुरोध किया है।

शोभायात्राओं और जुलूसों में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग

सर्वसमाज की बैठक में निर्णय लिया गया कि बलरामपुर नगर में किसी भी शोभायात्रा अथवा जुलूस के दौरान डीजे का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में डीजे वाहनों के प्रवेश पर भी प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई है।

संगठनों ने प्रशासन से डीजे संचालकों की बैठक बुलाकर उन्हें प्रस्तावित प्रतिबंध की पूर्व जानकारी देने तथा उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया है।

मूर्ति की कुल ऊंचाई 12 फीट निर्धारित करने का प्रस्ताव

पत्र में शोभायात्रा अथवा जुलूस में वाहन सहित स्थापित मूर्ति की कुल ऊंचाई अधिकतम 12 फीट निर्धारित किए जाने की मांग की गई है। निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

विद्युत तारों को व्यवस्थित करने की मांग

शोभायात्राओं एवं जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही आयोजन से पूर्व विद्युत विभाग द्वारा मार्ग में लटक रहे तारों को आवश्यकतानुसार व्यवस्थित करने की मांग की गई है। तारों को 12 फीट से अधिक ऊंचाई पर किए जाने का सुझाव दिया गया है, ताकि शोभायात्राओं के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

संगठनों ने विद्युत व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित किए जाने का भी अनुरोध किया है।

नगर के प्रवेश मार्गों पर निगरानी की मांग

डीजे वाहनों के नगर में प्रवेश को रोकने के लिए प्रमुख प्रवेश मार्गों पर प्रभावी निगरानी एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इनमें गोंडा रोड स्थित फुलवरिया बाईपास, बहराइच रोड स्थित सेखुईया चौराहा, उतरौला रोड स्थित नहर बालागंज मोड़ एवं महेशभारी चौराहा मोड़ तथा तुलसीपुर रोड स्थित चुंगी नाका से बलरामपुर नगर की ओर आने वाले मार्ग शामिल हैं।

उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग

पत्र में कहा गया है कि यदि कोई डीजे वाहन प्रतिबंधित व्यवस्था का उल्लंघन करते हुए शोभायात्रा अथवा जुलूस में पाया जाता है तो डीजे मालिक, ऑपरेटर, आयोजक एवं वाहन स्वामी, जो भी लागू हो, उनके विरुद्ध प्रचलित विधि एवं सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमानुसार डीजे जब्ती तथा लागू दंड अथवा चालान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

यह पत्र श्री श्री 108 सत्य प्रचारिणी रामलीला कमेटी बलरामपुर, नगर पालिका परिषद बलरामपुर, जय मां दुर्गा महोत्सव केंद्रीय समन्वय समिति, श्री सनातन धर्म सभा, श्री श्री 108 रामलीला संकीर्तन समिति भगवतीगंज, उद्योग व्यापार मंडल बलरामपुर, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा बलरामपुर, जुलूसे मुहम्मदी कमेटी बलरामपुर, सराफा व्यापार मंडल बलरामपुर तथा श्री समय माता मंदिर सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से प्रेषित किया गया।

इस अवसर पर गेल्हापुर महंत बृजानंद जी महाराज, राजकुमार लाल श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, विजय अग्रवाल, हाजी नब्बन खां, मोहसिन, रमेश पहवा, राम नरेश त्रिपाठी, संजय शर्मा, कृष्ण गोपाल गुप्ता, आरिफ हुसैन, मनोज गुप्ता, अब्दुल वहाब, शुभेंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, अब्दुल बारी, मोहम्मद मोहसिन, विनोद गिरि सहित सभासद एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post