![]() |
| डॉ बरखा सक्सेना |
स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की दो नवीन एनएसएस इकाइयों के लिए हुआ चयन, विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने पर जोर
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 11 सितंबर 2026। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दो नवीन स्वीकृत इकाइयों के सुचारु संचालन के लिए कार्यक्रम अधिकारियों के चयन हेतु साक्षात्कार आयोजित किया गया। चयन प्रक्रिया के बाद दुर्ग विजय को एनएसएस द्वितीय इकाई (सामान्य) तथा डॉ. बरखा सक्सेना को तृतीय इकाई (महिला) का कार्यक्रम अधिकारी चयनित किया गया।
![]() |
| श्री दुर्गविजय |
विश्वविद्यालय परिसर में पूर्व से एक राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई संचालित है। नवीन स्वीकृत दो इकाइयों में एक सामान्य और एक महिला इकाई शामिल है। इनके प्रभावी संचालन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर प्राप्त आवेदनों के आधार पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार चयन बोर्ड द्वारा किया गया।
साक्षात्कार बोर्ड की अध्यक्षता एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रमोद कुमार यादव ने की। बोर्ड में सदस्य के रूप में ‘माई भारत’ के डिप्टी डायरेक्टर माहे आलम तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी, शाहजहाँपुर उपस्थित रहे।
साक्षात्कार एवं अभ्यर्थियों के मूल्यांकन के उपरांत चयन बोर्ड ने दोनों कार्यक्रम अधिकारियों का चयन किया। विश्वविद्यालय के अनुसार दोनों नवीन इकाइयों के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा, राष्ट्र निर्माण, सामुदायिक सहभागिता, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कुलपति ने दी बधाई
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने चयनित दोनों कार्यक्रम अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उन्हें व्यवहार में उतारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
कुलपति ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों नवनियुक्त कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस के उद्देश्यों एवं विश्वविद्यालय की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए एनएसएस की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने चयनित कार्यक्रम अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

