स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
स्कूल-कॉलेज, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर पुलिस टीमों ने दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
शाहजहांपुर, 02 सितंबर। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर शाहजहांपुर पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूल, कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला अपराध, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ सहित अन्य अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने किसी भी समस्या या आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, यूपी-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया।
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी समस्याएं बिना डर के पुलिस के समक्ष रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भरोसा दिलाया गया कि उनकी सुरक्षा एवं सम्मान पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्राप्त शिकायतों पर पुलिस द्वारा त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
शाहजहांपुर पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इसके लिए जनसहभागिता के साथ लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित वातावरण बनाने में सहयोग करें।
