स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
टीकाकरण की प्रगति कम मिलने पर जताई नाराजगी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र/UPHC अजीजगंज शाहजहांपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शोएब अली, स्टाफ नर्स सोनम वर्मा, लैब टेक्नीशियन दिलीप कुमार, सपोर्ट स्टाफ तैय्यब सहित अन्य संबंधित कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित मिले।
वहीं, टीकाकरण दिवस के दौरान एएनएम नीतू देवी एवं लक्ष्मी देवी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। इस पर सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी संस्तुति सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
टीकाकरण की प्रगति मिली कम
टीकाकरण कक्ष के निरीक्षण में स्टाफ नर्स से टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली गई। निरीक्षण के समय तक एक बच्चे को टीडी वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। टीकाकरण की प्रगति कम मिलने पर सीएमओ ने इसमें अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
स्टाफ नर्स को अद्यतन ड्यू लिस्ट अपने पास रखने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के कार्यों में शिथिल पर्यवेक्षण पाए जाने पर उनसे भी स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने को कहा गया। अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर को शहरी क्षेत्र में पर्यवेक्षण कार्य में रुचि लेकर अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
51 मरीजों की OPD, सभी को मिली दवाएं
निरीक्षण के दौरान ओपीडी, औषधि वितरण कक्ष, लैब परीक्षण कक्ष और परिवार नियोजन कक्ष का जायजा लिया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के अनुसार निरीक्षण के समय तक ओपीडी में 51 मरीजों को देखा जा चुका था और सभी मरीजों को आवश्यक औषधियां वितरित की जा चुकी थीं।
तीन लाभार्थियों को परिवार नियोजन सेवाएं
परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत स्टाफ नर्स सोनम वर्मा द्वारा तीन लाभार्थियों को सेवाएं दी जा चुकी थीं। इनमें एक लाभार्थी को अंतरा, एक को निरोध और एक लाभार्थी को माला-एन उपलब्ध कराया गया।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले लाभार्थियों को परिवार नियोजन कार्यक्रम की समुचित जानकारी देने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
लैब में 13 मरीजों की जांच
प्रयोगशाला कक्ष में लैब टेक्नीशियन दिलीप कुमार उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय तक 13 मरीजों की जांच की जा चुकी थी, जिसमें दो मलेरिया, चार टाइफाइड, पांच शुगर और दो हीमोग्लोबिन की जांच शामिल रही। निरीक्षण के दौरान कोई धनात्मक केस नहीं पाया गया।
सीएमओ ने लैब टेक्नीशियन को बायोमेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण, स्लाइड्स का व्यवस्थित रखरखाव और लैब कक्ष की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा चिकित्सालय के अंदर और बाहर के परिसर तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया।
