स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
25 पत्रावलियों पर हुई सुनवाई, आपसी बातचीत के बाद पति-पत्नी ने किया समझौता
शाहजहांपुर, 02 सितंबर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें एक दंपति के बीच आपसी सहमति बनने के बाद उन्हें सकुशल विदा किया गया।
थाना रोजा क्षेत्र के दंपति की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं। विवाद के चलते महिला करीब एक माह से अपने मायके में रह रही थी। दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाकर आमने-सामने बातचीत कराई गई और पारिवारिक विवाद को आपसी समझ से सुलझाने के लिए समझाया गया।
परामर्श के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता था और अपनी भाभी के कहने पर उसके साथ विवाद करता था। महिला ने यह भी बताया कि पति घरेलू खर्च के लिए पैसे नहीं देता था।
वहीं, पति ने बताया कि उसकी ससुराल पक्ष के लोग उसके पारिवारिक मामलों में दखल देते हैं, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद होता था। काउंसलिंग के दौरान पति अपनी पत्नी की बात मानने और आपसी सामंजस्य के साथ दांपत्य जीवन आगे बढ़ाने के लिए तैयार हुआ।
दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दंपति को सकुशल विदा किया।
इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, नेहा चौहान, शीतल चौहान, निशा मिश्रा, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी तथा आरक्षी विनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
