प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान, आशीर्वाद कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर की तैयारियां तेज

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान, आशीर्वाद कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय अटल भवन, तुलसीपार्क में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में कार्यक्रम के संयोजक एवं सह-संयोजकों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’ ने की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्हें सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा, वहीं सेवा संकल्प अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को जनसेवा की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

बैठक में कार्यक्रम के जिला सह-संयोजक बृजेंद्र तिवारी, वरुण सिंह ‘मोनू’, आद्या सिंह ‘पिंकी’, बिंदु विश्वकर्मा, डीपी सिंह बैस, तरुण तिवारी, ललिता तिवारी, दुष्यंत चौधरी, अरविंद तिवारी, जिला मंत्री अक्षय शुक्ला, संदीप उपाध्याय, अमर शुक्ला, नंदनी शुक्ला, आलोक रंजन, रजनीश पांडेय, आकाश तिवारी, राम उग्गर यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। रक्तदान शिविर में कार्यकर्ताओं के साथ आमजन को भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करने तथा कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

Previous Post Next Post