ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने और स्वच्छता को नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देशन में अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इसमें नगर पालिका के सभासदों, सफाई कर्मियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस दौरान ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत में विकसित भारत’ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अभियान के प्रमुख स्तंभों के अंतर्गत स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थलों का रूपांतरण, स्वच्छता पाठशाला, स्वच्छता के लिए युवा, सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर, स्वच्छता के लिए जनभागीदारी तथा स्वच्छता से समृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में कहा गया कि स्वच्छता केवल नगर पालिका अथवा सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर का निर्माण संभव है। जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका कर्मचारियों, सफाई मित्रों, युवाओं और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभासदों, सफाई कर्मियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने नगर को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने, लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान अभियान के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय, जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन तथा निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान के दौरान अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सफाई निरीक्षक दिवाकर पाण्डेय, सफाई लिपिक अरविंद सिंह, सभासद नन्दलाल तिवारी, संदीप मिश्र, आनंद किशोर गुप्ता, मो. कुमैल रिंकू, सुशील कुमार साहू, मनोज चौरसिया सहित अन्य सभासद, सफाई कर्मी एवं नगर पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।
