स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 19 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी द्वारा संचालित योग वेलनेस सेंटर मझला, सीएचसी मीरानपुर कटरा (खुदागंज) के तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय बाबूपुर बुजुर्ग, विकास क्षेत्र कटरा/खुदागंज में योग शिविर का आयोजन किया गया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में योग प्रशिक्षक चिवनाथ पाल ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लाभार्थियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
शिविर में ताड़ासन, वृक्षासन, मंडूकासन, शशकासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भस्त्रिका प्राणायाम की भी जानकारी दी गई तथा इनके अभ्यास की विधि समझाई गई।
योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक यतेंद्र कुमार सूद, सहायक अध्यापक रमन कुमार मिश्रा, सपना गंगवार समेत अन्य अध्यापकगण मौजूद रहे। शिविर के आयोजन में योग सहायक नमित कुमार का विशेष सहयोग रहा।
