सीतापुर में जनपद स्तरीय योग प्रतियोगिता आयोजित, एलिया के प्रियांशु और खैराबाद की वैष्णवी ने हासिल किया प्रथम स्थान

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

सीतापुर। जनपद स्तरीय बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, सीतापुर में योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि योग करने से मनुष्य का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि योग जीवन का अभिन्न अंग है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक विकास के साथ मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है और विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षिक वातावरण बनाने में मदद मिलती है।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

एलिया के प्रियांशु और खैराबाद की वैष्णवी ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के परिणामों में ट्रेडिशनल योगा बालक वर्ग में एलिया ब्लॉक के छात्र प्रियांशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में खैराबाद ब्लॉक की छात्रा वैष्णवी ने प्रथम स्थान हासिल कर अपने विद्यालय और विकासखंड का नाम रोशन किया। इसके अलावा अन्य इवेंट्स में भी कई छात्र-छात्राओं ने पुरस्कार एवं मेडल प्राप्त किए।

प्रतियोगिता की संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय सुश्री प्रियांशी सक्सेना रहीं। उन्होंने पुरस्कार वितरण कर विजेता बच्चों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।

कार्यक्रम के सफल संचालन में सहसंयोजक जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा और लौंग श्री यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कार्य की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सराहना की।

इस अवसर पर शिक्षक प्रमोद दीक्षित, प्रदीप वर्मा, प्रदीप तिवारी, सैय्यद इश्तियाक अली, अंकिता सिंह, अनुप्रिया, नीलम कुमारी, अनुपमा सिंह, पुनीत शुक्ला, रवि प्रकाश, धीरेन्द्र वर्मा, संतोष कन्नौजिया, देश दीपक, धनंजय सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में सभी ने अपना सहयोग दिया।

Previous Post Next Post