लखनऊ: सरोजनीनगर में सड़क हादसे में उप निरीक्षक की दर्दनाक मौत, खड़े डंपर में पीछे से टकराई कार

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 21 सितंबर 2026। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह की मौत हो गई। हादसा दारोगाखेड़ा के पास हुआ, जहां उनकी वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की सुबह थाना सरोजनीनगर को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े डंपर संख्या UP32 WN 9889 में पीछे से टकरा गई थी।

कार के अंदर उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह वर्दी में घायल अवस्था में मिले। पुलिस टीम ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सरोजनीनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

112 मुख्यालय में तैनात थे उप निरीक्षक

पुलिस के मुताबिक मृतक उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह की उम्र करीब 52 वर्ष थी और वह मूल रूप से सनिगवा, कोयला नगर, जनपद कानपुर नगर के निवासी थे। वर्तमान में उनकी तैनाती 112 मुख्यालय, लखनऊ में थी।

हादसे की सूचना पुलिस ने उनके परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन सीएचसी सरोजनीनगर पहुंच गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस द्वारा नियमानुसार शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे की सूचना से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

Previous Post Next Post