उतरौला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। शनिवार, 19 सितंबर 2026 को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील उतरौला के सभागार कक्ष में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से राजस्व विभाग से जुड़े भूमि विवाद तथा पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरण सामने आए। अधिकारियों ने शिकायतों की वास्तविक स्थिति को समझते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। वहीं, शेष प्रकरणों के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवादों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि आवश्यकता के अनुसार मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने भी शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, संबंधित थाना प्रभारी तथा पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post