ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने शनिवार, 19 सितंबर 2026 को जनपद की सीमावर्ती पुलिस चौकी बांक भवानी, थाना गैंड़ास बुजुर्ग का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी परिसर, कार्यालय तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जनपद की सीमा पर बैरियर लगाकर आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने चौकी क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस कर्मियों को सक्रियता के साथ कार्य करने को कहा।
एसपी ने पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया और सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
इस दौरान चौकी प्रभारी किशलय मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
