पुलिस अधीक्षक ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ
स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 04 सितंबर। रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहांपुर के सभागार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की संध्या पर भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर ने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शाहजहांपुर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागिता की।
भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन
जन्माष्टमी के अवसर पर सभागार को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं तथा उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों का स्मरण करते हुए उनके द्वारा दिए गए धर्म, सत्य, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें विषम परिस्थितियों में भी सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
पुलिस परिवारों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवारों में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने परिजनों के साथ धार्मिक आयोजन में शामिल हुए और सामूहिक रूप से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। आयोजन से पुलिस परिवार के सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारे और पारिवारिक एकजुटता की भावना और मजबूत हुई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
शाहजहांपुर पुलिस की ओर से समस्त जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।
