स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
धार्मिक आयोजनों, यात्राओं और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पुलिस करेगी विशेष निगरानी
शाहजहांपुर, 01 सितंबर। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण की अध्यक्षता में थाना पुवायां में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी पुवायां के साथ संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु एवं पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, मंदिरों में संभावित भीड़ तथा क्षेत्र में निकलने वाली यात्राओं के संबंध में उपस्थित लोगों से जानकारी ली। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार न करें। आयोजकों को निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
यात्रा मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण
बैठक के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी पुवायां ने थाना क्षेत्र में निकलने वाली यात्रा के मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
थाना पुवायां पर तैनात पुलिस बल को त्योहार के दौरान सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की सूचना अथवा विवाद की स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। जनपद पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।
