अंतर्जनपदीय बॉर्डरों पर सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, लगाए गए उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा अंतर्जनपदीय सीमा क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण बॉर्डर क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं।

दिनांक 20 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक थाना पचपेड़वा राजकुमार सिंह ने अंतर्जनपदीय बॉर्डर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सिद्धार्थनगर-बढ़नी अंतर्जनपदीय बॉर्डर स्थित त्रिलोकपुर चौराहे को महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थल चिन्हित करते हुए वहां उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगवाए गए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार बैरीकेटिंग की व्यवस्था भी की गई।


CCTV कैमरों के माध्यम से बॉर्डर क्षेत्र से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार इससे अपराध की रोकथाम में मदद मिलने के साथ-साथ किसी आपराधिक घटना के घटित होने पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान तथा घटना के अनावरण में भी सहायता मिलेगी।

बॉर्डर क्षेत्रों में पुलिस द्वारा आवश्यकता के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग और सत्यापन किया जा रहा है। बैरीकेटिंग के माध्यम से वाहनों को रोककर जांच की कार्रवाई भी की जाएगी, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में महत्वपूर्ण, संवेदनशील एवं अंतर्जनपदीय सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लगाए गए CCTV कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन त्रिनेत्र के दृष्टिगत पूरे जनपद में अत्याधुनिक तकनीक से युक्त उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे व्यापक स्तर पर लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों के जरिए महत्वपूर्ण स्थानों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के साथ अपराध नियंत्रण और अपराधियों की पहचान में तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन की सुरक्षा तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Previous Post Next Post