CHC परसेंडी के औचक निरीक्षण में मिली लापरवाही, DM ने दो डॉक्टरों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️

पर्चों में बीमारी का विवरण दर्ज न होने पर एक चिकित्सक पर अनुशासनिक कार्रवाई, दूसरे को नोटिस; ANM का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश

सीतापुर। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने दोपहर करीब 2 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परसेंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

पर्चों में बीमारी का विवरण न मिलने पर डॉक्टरों पर कार्रवाई

डीएम ने सबसे पहले पर्चा काउंटर और दवा वितरण काउंटर का निरीक्षण किया। मरीजों के पर्चों की जांच के दौरान बीमारी का विवरण सही तरीके से दर्ज नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए लापरवाही को गंभीरता से लिया।

डीएम के निर्देश पर एक चिकित्सक के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई तथा दूसरे चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

टीकाकरण अभिलेखों में कमी, ANM का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश

इसके बाद जिलाधिकारी ने ORS घोल काउंटर का निरीक्षण किया और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ORS वितरित करने तथा मरीजों को उसके सही उपयोग की जानकारी देने के निर्देश दिए।

मातृ सुरक्षा कक्ष में गर्भवती महिलाओं से संबंधित रजिस्टर और टीकाकरण अभिलेखों की जांच में अभिलेखों में कमियां सामने आईं। इस पर डीएम ने संबंधित ANM का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

गर्भवती महिलाओं की जांच व्यवस्था भी परखी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन और रक्तचाप (BP) की जांच कराई। बीपी जांच की प्रक्रिया में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और एमओआईसी को फटकार लगाई।

साथ ही एमओआईसी को नोटिस जारी करने तथा 15 दिन का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने हाई रिस्क प्रेगनेंसी रजिस्टर की भी जांच की और उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भर्ती मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक

डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही दवाओं, उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने तथा बायो-मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि जिले के अन्य अस्पतालों का भी औचक निरीक्षण किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post