तिलहर पुलिस ने 10 हजार के इनामिया अभियुक्त की निशानदेही पर लाठी-डंडा बरामद किया

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। थाना तिलहर पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित 10 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने 20 सितंबर 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।

पुलिस के मुताबिक थाना तिलहर में दर्ज मु0अ0सं0 430/2026 धारा 191(2), 191(3), 352, 351(3), 103(1) एवं 3(5) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त वीपी उर्फ सोमवीर पुत्र नन्दराम, निवासी ग्राम सहवेगपुर, थाना तिलहर, जनपद शाहजहांपुर की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मामले के अनुसार 28 अगस्त 2026 को ग्राम सहवेगपुर निवासी सोनपाल पुत्र केदार ने थाना तिलहर में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्तों ने एक राय होकर उनके भाई सुरेंद्र पुत्र केदार के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों एवं बांके से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर सुखदेव सहित आठ अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अभियुक्तों में से सुखदेव, वासुदेव, गोविंद, अमित, दिलीप और सुरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वीपी उर्फ सोमवीर ने 20 सितंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था, जबकि सतीश के संबंध में विवेचना जारी है।

पुलिस कस्टडी रिमांड के आदेश के अनुपालन में वीपी उर्फ सोमवीर को जिला कारागार से पुलिस अभिरक्षा में थाना तिलहर लाया गया। पुलिस के अनुसार उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी-डंडा बरामद किया गया। बरामदगी के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र, उपनिरीक्षक सौरभ शुक्ला और कांस्टेबल विकास चौधरी, थाना तिलहर शामिल रहे।

यह खबर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में दी गई जानकारी पर आधारित है। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

Previous Post Next Post