गन्ना कृषकों को सदस्यता और उपज बढ़ोतरी के लिए मिला 10 दिन का अतिरिक्त अवसर

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद के गन्ना किसानों के हित में प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना समिति की सदस्यता एवं उपज बढ़ोतरी हेतु आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब किसान 10 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इससे उन किसानों को विशेष राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश 30 सितंबर तक अपना आवेदन नहीं कर पाए थे।

जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि हाल में हुई अतिवृष्टि के कारण किसानों एवं किसान प्रतिनिधियों द्वारा गन्ना समिति की सदस्यता की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की जा रही थी। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के आयुक्त, गन्ना एवं चीनी द्वारा आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 10 अक्टूबर 2026 कर दी गई है।

इस निर्णय से ऐसे किसान, जो पहली बार गन्ने की खेती कर रहे हैं, गन्ना समिति के सदस्य बनकर पेराई सत्र 2026-27 में गन्ना आपूर्ति की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। अधिक से अधिक किसानों के समिति से जुड़ने से गन्ने की उपलब्धता के साथ ही किसानों को विभिन्न संस्थागत सुविधाओं का लाभ मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

गन्ना विभाग ने किसानों से अपील की है कि पात्र कृषक निर्धारित समय के भीतर समिति की सदस्यता के लिए आवेदन पूर्ण कर लें, ताकि वे राज्य सरकार द्वारा घोषित गन्ना मूल्य पर अपनी उपज की आपूर्ति सुनिश्चित कर सकें।

इसके साथ ही जिन किसानों के पास जनपद की औसत उपज से अधिक गन्ने की उपज है, वे उपज बढ़ोतरी के लिए भी 10 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित अवधि में आवेदन करने वाले गन्ना कृषकों को नियमानुसार उपज बढ़ोतरी की व्यवस्था का लाभ प्रदान किया जाएगा।

किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गन्ना विकास विभाग द्वारा मुख्यालय स्तर पर 24×7 टोल-फ्री किसान कॉल सेंटर 1800-121-3203 संचालित किया जा रहा है। किसान गन्ना समिति की सदस्यता, उपज बढ़ोतरी अथवा अन्य किसी समस्या एवं जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

गन्ना विभाग ने जनपद के किसानों से अपील की है कि बढ़ाई गई अंतिम तिथि का लाभ उठाते हुए 10 अक्टूबर 2026 तक सदस्यता एवं उपज बढ़ोतरी संबंधी आवेदन अवश्य पूर्ण करें।

Previous Post Next Post