ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जनपद में राप्ती नदी के बढ़े जलस्तर के कारण निचले क्षेत्रों एवं संपर्क मार्गों पर पहुंचे पानी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने तहसील उतरौला क्षेत्र के प्रभावित ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने ग्राम पालापुर, मोहनजोत एवं मटियरिया करमा पहुंचकर जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से गांव में आवागमन, फसलों पर जलभराव के प्रभाव तथा आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मौके पर पाया गया कि ग्रामों के आबादी क्षेत्र में पानी नहीं है और ग्रामीण सुरक्षित हैं। हालांकि, राप्ती नदी के पानी के कारण कुछ संपर्क मार्गों पर जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा नाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में नाव एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न होने पाए। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के सुरक्षित आवागमन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर जलभराव तथा फसलों पर पड़े प्रभाव का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित फसलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर फसल क्षति का नियमानुसार आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा राप्ती नदी के जलस्तर एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहते हुए प्रभावित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन संपर्क मार्गों पर पानी के कारण आवागमन प्रभावित है, वहां लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर बनी रहें। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जलभराव वाले मार्गों तथा तेज बहाव वाले स्थानों पर आवागमन करते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम उतरौला एवं तहसीलदार उतरौला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
