महिला थाना में 12 पारिवारिक मामलों की सुनवाई, समझौते के बाद दंपति को कराया गया विदा


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को महिला थाना शाहजहांपुर में पारिवारिक विवाद से संबंधित 12 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। इस दौरान आपसी समझाइश और वार्ता के बाद एक दंपति के बीच समझौता कराया गया और दोनों को महिला थाना से सकुशल विदा किया गया।

महिला थाना में बंडा थाना क्षेत्र के एक दंपति को भी बुलाकर दोनों पक्षों की आपसी वार्ता कराई गई। दोनों की शादी करीब 18 वर्ष पहले हुई थी और महिला पिछले 14 माह से अपने मायके में रह रही थी।

वार्ता के दौरान महिला ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट एवं गाली-गलौज की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है, बशर्ते उसे उचित तरीके से रखा जाए।

वहीं पति ने भी पत्नी के साथ रहने की इच्छा जताई। महिला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया, जिसके बाद दोनों आपसी सहमति से समझौते के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दंपति को महिला थाना से सकुशल विदा कर दिया गया।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक रश्मि अग्निहोत्री, महिला उपनिरीक्षक सुषमा देवी, महिला कांस्टेबल निशा सिंह सहित महिला थाना का स्टाफ मौजूद रहा।

Previous Post Next Post