स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को शाहजहांपुर पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 41 शिकायतों का निस्तारण किया।
अभियान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मौके पर पहुंचकर हो रहा शिकायतों का समाधान
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
06 अक्टूबर को अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 41 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय आने की जरूरत नहीं
शाहजहांपुर पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार थाना अथवा पुलिस कार्यालय आने की परेशानी से राहत देना है। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर अथवा संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण करेगी और दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान को लेकर संतुष्टि सुनिश्चित करेगी।
पुलिस का कहना है कि मौके पर जाकर शिकायतों के निस्तारण से प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाया जा सकेगा तथा शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध समाधान मिल सकेगा।
