प्रयागराज में कार का शीशा तोड़कर 1.33 लाख रुपये की सोने की चेन चोरी, रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था परिवार


ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। सिविल लाइंस इलाके में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर सोने की चेन चोरी करने का मामला सामने आया है। कार में रखी करीब 1 लाख 32 हजार 950 रुपये कीमत की सोने की चेन लेकर चोर फरार हो गए। घटना के समय परिवार रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वापस लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला और चेन गायब थी। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शोरूम से चेन खरीदकर कार में रखी थी

जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के कुंडा निवासी अनीता देवी 11 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ प्रयागराज आई थीं। इस दौरान उन्होंने सिविल लाइंस के एसपी मार्ग स्थित कल्याण ज्वैलर्स इंडिया लिमिटेड से 1,32,950 रुपये की सोने की चेन खरीदी। इसके बाद उन्होंने चेन अपनी आर्टिगा कार की आगे वाली सीट के नीचे रख दी।

खाना खाने गए, लौटे तो टूटा मिला शीशा

चेन खरीदने के बाद अनीता देवी अपने पति, बेटे और भाई उमा लाल के साथ बिरयानी खाने के लिए रेस्टोरेंट पहुंचीं। इसके बाद परिवार पीवीआर स्थित एक अन्य रेस्टोरेंट गया। इसी दौरान उनके भाई कार देखने के लिए बाहर पहुंचे तो गाड़ी का शीशा टूटा हुआ मिला। कार में रखी सोने की चेन भी गायब थी। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोग हैरान रह गए।

डायल-112 पर दी सूचना, एफआईआर दर्ज

घटना के बाद परिवार ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी और सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान का प्रयास

सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

Previous Post Next Post