प्रयागराज में 5.68 टन अवैध पटाखे बरामद, घर में किया गया था भंडारण; मकान मालिक पर मुकदमा दर्ज


ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कौंधियारा पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अकोढ़ा गांव में छापेमारी की। इस दौरान एक मकान से कुल 5,684.880 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। करीब 5.68 टन पटाखे 249 कार्टन और प्लास्टिक की बोरियों में रखे गए थे। मामले में मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि कौंधियारा थाना क्षेत्र के अकोढ़ा गांव में अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने गांव निवासी त्रिलोकीनाथ केसरवानी के मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने इस मामले में कौंधियारा थाने में मुकदमा संख्या 295/2026 दर्ज किया है। आरोपी त्रिलोकीनाथ केसरवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

इस कार्रवाई में कौंधियारा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, नैनी के अग्निशमन अधिकारी महन्थु तथा पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

Previous Post Next Post