स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 159 के तहत जनपद में 17 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार नियुक्त माइक्रो ऑब्जर्वरों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया तथा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी शामिल हैं। इन्हें निर्धारित मतदान स्थलों पर निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
14 मतदान स्थलों पर होगा मतदान
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जनपद के 14 निर्धारित मतदेय स्थलों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए माइक्रो ऑब्जर्वरों की तैनाती की गई है।
22 अक्टूबर को मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी टीमें
आदेश में बताया गया है कि सभी मतदान दल 22 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर शाहजहांपुर के बाहर स्थित प्रांगण से निर्वाचन सामग्री लेकर निर्धारित वाहनों से अपने-अपने मतदान स्थलों के लिए रवाना होंगे। इसी स्थान से माइक्रो ऑब्जर्वर भी अपने आवंटित मतदान स्थलों के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रस्थान के समय माइक्रो ऑब्जर्वरों को उनका एक्टिव ड्यूटी ऑर्डर हस्तगत कराया जाएगा।
माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रशिक्षण अनिवार्य
जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश के अनुसार सभी माइक्रो ऑब्जर्वरों का अनिवार्य प्रशिक्षण 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे विकास भवन सभागार, शाहजहांपुर में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में सभी माइक्रो ऑब्जर्वरों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
