खिरनी बाग से शहीद उद्यान तक निकली भव्य सेवा ज्योति कलश यात्रा

 


सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ आयोजन, विकसित भारत 2047 का दिलाया गया सामूहिक संकल्प

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 7 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को खिरनी बाग में सेवा ज्योति कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में आमजन, खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दुर्विजय शाक्य ने सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा, कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह, तिलहर विधायक सलोन कुशवाहा, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मां सरस्वती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।

विकसित भारत 2047 का दिलाया गया सामूहिक संकल्प

सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों को विकसित भारत 2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया।

खिरनी बाग में सेवा कलश की स्थापना की गई, जिसे सेवा, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना का प्रतीक बताया गया।

पैदल, साइकिल और बाइक रैलियों के साथ पहुंचे लोग

सेवा ज्योति कलश यात्रा में आमजन के साथ खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने सहभागिता की। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से निकली पैदल, साइकिल एवं बाइक रैलियां निर्धारित मार्गों से होते हुए खिरनी बाग पहुंचीं।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि दुर्विजय शाक्य ने सेवा ज्योति कलश को रथ में स्थापित किया। इसके बाद खिरनी बाग से शहीद उद्यान तक सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

Previous Post Next Post