स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर लखनऊ में आयोजित स्मृति परेड में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों के आश्रितों से भेंट कर उनका सम्मान किया और वीर जवानों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पण का प्रतीक हैं अमर शहीद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस के अमर शहीदों का स्मरण हमें यह एहसास कराता है कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि निरंतर निभाया जाने वाला दायित्व है। इस दायित्व के निर्वहन में वीर जवान अपने सुख, सपने और यहां तक कि अपना जीवन भी समर्पित कर देते हैं।
शहीदों के बलिदान को किया नमन
स्मृति परेड के माध्यम से देश और प्रदेश की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को याद किया गया। मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर सपूतों के त्याग और कर्तव्यपरायणता की याद दिलाता है, जिन्होंने नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को शत-शत नमन!
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
