स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 21 अक्टूबर 2026। जनपद में जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत बुधवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 38 शिकायतों का निस्तारण किया।
पुलिस अधिकारियों को मौके पर समाधान के निर्देश
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है। अभियान का उद्देश्य आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है।
शिकायतकर्ताओं के पास पहुंचेगी पुलिस
विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थानों में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर पहुंचकर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें।
38 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण
पुलिस द्वारा जारी अपडेट के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 38 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस पहल का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने या उच्चाधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।
दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर होगा समाधान
शाहजहाँपुर पुलिस शिकायतकर्ता के घर या संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थानीय स्तर पर निरीक्षण करेगी। शिकायत के निस्तारण के बाद दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान से शिकायतों का बेहतर और प्रभावी निस्तारण होगा तथा आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
