स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 13 अक्टूबर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार, शाहजहांपुर में मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद के सभी 14 मतदेय स्थलों पर नियुक्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सहायक नोडल अधिकारी के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस दौरान मतदान कार्मिकों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों और निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
डीएम ने दिए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराएं। उन्होंने मतदान शुरू होने से पहले निर्वाचन सामग्री की विधिवत जांच करने तथा मतदान से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
मतदेय स्थलों पर सुरक्षा और व्यवस्था पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि सभी मतदेय स्थलों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए और मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो। उन्होंने निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
अधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
