स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय परिसर में अंतरमहाविद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल, दमखम और प्रतिस्पर्धात्मक भावना से मुकाबलों को रोमांचक बनाया। पुरुष वर्ग में जीएफ कॉलेज ने खिताब जीता, जबकि महिला वर्ग में विश्वविद्यालय परिसर की टीम विजेता बनी।
प्रतियोगिता में जीएफ कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज, राजकीय डिग्री कॉलेज तिलहर और स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय परिसर की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान कुल चार मुकाबले खेले गए।
पुरुष वर्ग में जीएफ कॉलेज ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में जीएफ कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय परिसर की टीम को 49-47 अंकों से पराजित किया। कड़े मुकाबले में दो अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर जीएफ कॉलेज ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं, महिला वर्ग में विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने जीएफ कॉलेज को 29-3 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर आदित्य कुमार सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में विश्वविद्यालय के कुलानुशासक डॉ. आलोक कुमार सिंह तथा विशेषज्ञ के रूप में जिला स्टेडियम के कोच निशांत सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. अजीत सिंह चारग और उपसचिव डॉ. प्रांजल शाही के निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिक्षक और टीम मैनेजर रहे मौजूद
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. कमलेश गौतम, राजकीय डिग्री कॉलेज तिलहर के टीम मैनेजर डॉ. शशि भूषण, आर्य महिला पीजी कॉलेज की टीम मैनेजर डॉ. रितु शर्मा, विश्वविद्यालय परिसर के टीम मैनेजर श्री अरुण कुमार तथा जीएफ कॉलेज के टीम मैनेजर डॉ. शमशाद अली मौजूद रहे।
इसके अलावा डॉ. नीलू कुमार, डॉ. मृदुल पटेल और डॉ. राजीव यादव सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की। मुकाबलों में निर्भय सिंह और अंकित श्रीवास्तव ने रेफरी की भूमिका निभाई।
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
