9 से 11 अक्टूबर तक उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में लगेगी जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी
ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज। डाक विभाग, प्रयागराज मंडल द्वारा डाक टिकट संग्राहक एसोसिएशनों और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के सहयोग से ‘प्रयागफिलेक्स-2026’ जिला स्तरीय फिलैटेलिक एवं डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रदर्शनी 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित होगी।
प्रेसवार्ता में सीनियर पोस्टमास्टर राजीव उमराव ने बताया कि इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम “India Through Stamps – Heritage, Culture and Progress” रखी गई है। उन्होंने कहा कि डाक टिकट केवल डाक भेजने का माध्यम नहीं, बल्कि किसी देश के इतिहास, विरासत, संस्कृति, महान व्यक्तित्वों, उपलब्धियों और महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक प्रस्तुत करने वाले लघु दस्तावेज हैं।
दुर्लभ और रोचक डाक टिकटों का होगा प्रदर्शन
प्रदर्शनी में आगंतुकों को दुर्लभ एवं रोचक डाक टिकटों तथा विभिन्न फिलैटेलिक सामग्रियों के संग्रह देखने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य प्रयागराज के लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी को डाक टिकट संग्रह की दुनिया से परिचित कराना है।
छात्रों के लिए क्विज और फिलैटेलिक कार्यशाला
10 अक्टूबर 2026 को स्कूली छात्रों के लिए फिलैटेलिक क्विज और फिलैटेलिक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज के विभिन्न विद्यालयों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि छात्र डाक टिकट संग्रह की कला और इसके शैक्षिक महत्व को समझ सकें।
आयोजकों के अनुसार डाक टिकट संग्रह विद्यार्थियों के लिए इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, विज्ञान, महान व्यक्तित्वों और राष्ट्रीय घटनाओं को समझने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
डाक विभाग ने प्रयागराज के सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन से प्रदर्शनी में पहुंचकर इस आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।
